हांसी : चानौत गांव को जल्द मिलेगा भाखड़ा नहर का स्वच्छ पेयजल
राजली हेड से पाइपलाइन बिछाने के कार्य का गुरुवार को होगा श्री गणेशहासी, 16 जून (हि.स.)। पिछले काफी समय से पेयजल के लिए आंदोलन कर रहे चानौत के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। गांव के प्रत्येक घर तक जल्द ही भाखड़ा नहर का पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार से चानौत गांव के लिए राजली हेड से पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा।ग्रामीण पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति की समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे। अब जिला प्रशासन द्वारा उनकी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उपायुक्त राहुल नरवाल ने मंगलवार को जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित कार्य योजना के अनुसार पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि गांववासियों को जल्द से जल्द भाखड़ा नहर का राजली हैड से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इस परियोजना के तहत चानौत गांव के लिए आधुनिक तकनीक से पाइपलाइन बिछाई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की गई है ताकि कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद चनत गांव के प्रत्येक घर में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे ग्रामीणों को पानी की समस्या से स्थाई राहत मिलेगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि यह कार्य तीव्र गति से पूरा कर ग्रामीणों को जल्द राहत प्रदान की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर