हांसी में ट्रेक्टर की टक्कर से दसवीं के छात्र की मौत

 


गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार न करने पर अड़े परिजन

हांसी, 23 मई (हि.स.)। उमरा-रोहनात रोड पर हुए

दर्दनाक सड़क हादसे में दसवीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान

नवनीत के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। घटना के बाद गांव में

शोक का माहौल है, वहीं परिजनों ने आरोपी ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार

न करने की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार रात को हुआ।

नवनीत अपने पिता मनोज के साथ बाइक पर खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक का पेट्रोल

खत्म हो गया, जिसके बाद दोनों ने बाइक को सड़क किनारे कच्ची जगह पर खड़ा कर दिया। पिता

मनोज गांव से पेट्रोल लेने चले गए, जबकि नवनीत बाइक के पास ही खड़ा रहा।

मनोज ने बताया कि जब वह पेट्रोल लेकर वापस लौट

रहे थे, तभी नवनीत के मोबाइल से कॉल आई। फोन पुलिस कर्मचारियों ने किया और बताया कि

उनके बेटे को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी है। परिजनों का आरोप है कि अवैध रूप से मिट्टी ढोने

वाला तेज रफ्तार ट्रैक्टर सड़क से नीचे खड़े नवनीत को टक्कर मार गया। आरोप यह भी है

कि हादसे के बाद चालक ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने की बजाय झाड़ियों में फेंक

दिया और मौके से सबूत मिटाने का प्रयास किया।

परिजनों के मुताबिक शनिवार सुबह जब उन्होंने

ट्रैक्टर चालक से बात की तो उसने कहा कि वह पांच लोगों में माफी मांग लेगा। इस बयान

के बाद परिवार और ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। नवनीत दसवीं कक्षा में पढ़ता था और परिवार का

सबसे छोटा सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों

ने भी आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मामले के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया

कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के

लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में रखवाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर