हांसी : प्राइवेट बस में लगी आग में सीआईडी कर्मी के जलने का अंदेशा

 


अभी तक नहीं हो पाया संपर्क, ड्यूटी

से घर बस में आता था

बस में मिले शवों की डीएनए जांच करवाएगी पुलिस

हांसी, 28 अप्रैल (हि.स.)। निकटवर्ती गांव मिलकपुर

में सोमवार शाम चलती बस में धमाके के साथ आग लगने की गुत्थी 24 घंटे बाद भी नहीं सुलझ

पाई है। बस में लगी आग में दो लोग जिंदा जल गए, जबकि 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

बस में मिले मृतकों के शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त करना नामुमकिन हो गया

है। पुलिस डीएनए जांच के जरिए दोनों शवों की पहचान करने में जुटी है।

बस में आग लगने की घटना के बाद

से दो परिवारों में कोहराम मचा हुआ है लेकिन शवों की पहचान नहीं होने के चलते दोनों

घरों में बैचेनी और व्याकुलता व्याप्त है। बस में आग लगने की घटना के बाद से बड़सी

निवासी हरियाणा पुलिस के गुप्तचर विभाग (सीआईडी) में तैनात सुनील सोमवार रात से लापता

है। सुनील के भाई अनिल ने बताया कि उसका भाई सुनील रोज ड्यूटी समाप्त होने के बाद बस

से मिलकपुर आता था और मिलकपुर बस स्टेंड पर खड़ी अपनी कार से घर जाता था लेकिन सोमवार

शाम के बाद से सुनील का मोबाइल फोन बंद है।

अनिल ने बताया कि सुनील अक्सर हरिद्वार जाने

की बात करता रहता था, इसलिए उनको आस है कि उसका भाई सुनील हादसे में बच गया होगा। उन्होंने

बताया कि सुनील के दो बच्चे एक लड़का और एक लड़की है। वहीं भिवानी का एक परिवार नागरिक

अस्पताल पहुंचा परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनका बच्चा हिसार के एक निजी अस्पताल

में कार्यरत है और वह भी कल शाम को ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था और उसके बाद

से वह लापता है। परिवार के सदस्यों का अंदेशा है कि बस में मिले दोनों शव इन्हीं दोनों

के हो सकते हैं।

ज्ञात रहे कि सोमवार शाम साढ़े सात बजे भिवानी

से हांसी आ रही एक निजी परिवहन बस में अचानक धमाका हुआ। और देखते ही देखते बस के बीच

के हिस्से से आग की लपटें उठने लगी। और बस में सवार लोग चिल्लाते हुए बाहर भागे। शुरू

में लगा कि सब सुरक्षित निकल गए हैं, लेकिन आग बुझने के बाद बस के अंदर दो व्यक्तियों

के कंकाल मिले। लेकिन दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है

हादसे का कारणों का पता नहीं : नीर सिंह

जांच अधिकारी नीर सिंह ने मंगलवार काे बताया कि बस में लगी

आग के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर कुछ लोग

इसे आसमानी बिजली गिरने से भी जोड़ रहे हैं, और कुछ लोग टायर फटने और टंकी में आग लगना

बता रहे हैं लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फोरेंसिक टीम हादसे की

असल वजह पता लगाने के प्रयास में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी के

माध्यम से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया घटना की विस्तृत जांच के लिए

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए जा रहे

हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर