नूंह: जामिया यूनिवर्सिटी में हुए झगड़े का बदला लेने दिल्ली जा रहे छह युवक अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार
नूंह, 30 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली स्थित जामिया यूनिवर्सिटी में हुए विवाद का बदला लेने के लिए बुधवार काे दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे छह युवकों को सीआईए नूंह की टीम ने अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सदर नूंह में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांव सलम्बा के रकबे में एकत्रित हुए थे। पुलिस के अनुसार, जामिया यूनिवर्सिटी दिल्ली में बिलाल के साथ हुई मारपीट का बदला लेने के लिए वे दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुबेदिन और फिरोज निवासी सालाहेड़ी, बिलाल निवासी वार्ड नंबर-6 नूंह शहर, साहिल निवासी वार्ड नंबर-2 नूंह शहर तथा नसीम और परवेज निवासी गांव सौंख, थाना सदर नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, एक देसी बंदूक पौना तथा तीन लाठी-बांस बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जिले में अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। इसी दौरान सीआईए नूंह की टीम को सूचना मिली कि कुछ युवक, जिनका दिल्ली स्थित जामिया यूनिवर्सिटी में विवाद हुआ था, हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं और दिल्ली जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सदर नूंह में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया