पानीपत: ट्रांसफार्मर फटने से तीन बच्चे झुलसे, घराें में लगी आग

 


पानीपत, 28 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत स्थित अर्जुन नगर में गत रात्रि गली किनारे लगा एक बिजली का ट्रांसफॉर्मर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। इस ब्लास्ट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी चपेट में आने से घर की छत पर खेल रहे बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। तथा ट्रांसफार्मर ने दो-तीन घरों को भी अपने चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि लगा जैसे कोई बम फटा हो। ट्रांसफॉर्मर फटने के साथ ही उससे उबला हुआ गर्म तेल और आग की लपटें आसपास के घरों पर जा गिरी। छत पर खेल रहे तीन बच्चे गर्म तेल की चपेट में आ गए। खोलते हुए तेल के कारण बच्चों का शरीर को बुरी तरह झुलस गया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पूरी कॉलोनी में भगदड़ मच गई। लोग अपने घरों से बाहर की ओर दौड़े, ट्रांसफार्मर के फटने का असर केवल बाहर तक सीमित नहीं रहा।

धमाके के कारण उठी आग की लपटें पास स्थित घरों के कमरों तक पहुंच गईं। जिन घरों की दीवारों के बिल्कुल सटाकर बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर लगाया हुआ था, वहां स्थिति सबसे अधिक भयावह रही। ब्लास्ट के तुरंत बाद कमरों में रखे बिस्तर, कपड़े और अन्य कीमती सामान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते कई घरों का घरेलू सामान जल गया। पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभाग से इस ट्रांसफॉर्मर को यहां से हटाने की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी अनसुनी का नतीजा आज इस तबाही के रूप में सामने आया है।

हादसे में झुलसे बच्चों को लेकर परिजन अस्पतालों की ओर दौड़े। कुछ लोग अपने बच्चों को नजदीकी अस्पतालों में लेकर गए। सिविल अस्पताल लाए गए घायल बच्चे की पहचान दीपांशु के रूप में हुई है। दीपांशु पाचवीं कक्षा का छात्र है। डॉक्टरों ने दीपांशु की हालत को बेहद गंभीर बताया। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे तुरंत पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। इस हादसे में 12 वर्षीय शुभम तथा उसकी बहन भी झुलस गई, जिसके हाथ आग की चपेट में आ गए। अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में भी स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा