पानीपत: हरियाणा सरकार का प्रयास,मंडियों में सुगम हो खरीद  प्रक्रिया: ए.के. सिंह

 


पानीपत, 31 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने मंगलवार को पानीपत और इसराना अनाज मंडियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पानीपत और इसराना की आधुनिक मंडी में सरसों की खरीद प्रक्रिया, एजेंसियों की भागीदारी और अब तक हुई खरीद की विस्तृत जानकारी ली।

ए.के. सिंह ने मंडी में माप-तोल के कांटों की जांच की तथा साफ सफाई, शौचालयों की स्थिति और प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश की सभी मंडियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए, ताकि किसानों को पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक खरीद व्यवस्था मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा की जा रही सरसों की खरीद, निर्धारित लक्ष्यों और अब तक की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही आढ़तियों की भूमिका और उनके समन्वय को लेकर भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पानीपत मंडी में सरसों की ढेरी को भी देखा वह खरीद के बारे में दिशा निर्देश दिए। ए.के. सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा मंडियों को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है, जिससे किसानों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुगम सेवाएं मिल रही हैं।

इस अवसर एसडीएम नवदीप नैन,तहसीलदार पानीपत, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ प्रवीण गुलिया,डीएफएससी दिव्या , हैफेड मैनेजर कृपाल दास, मार्केट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री, वाइस चेयरमैन बलवान शर्मा, इसराना मंडी चेयरमैन राजेश जागलान, वाइस चेयरमैन सोमवीर मलिक, सचिव पवन , आढ़ती विरेंदर जागलान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा