मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को हरियाणा राइट टू सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार

 

चंडीगढ़, 04 जून (हि.स.)।

हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग (हरियाणा राइट टू सर्विस कमीशन) के मुख्य आयुक्त (चीफ कमिश्नर) का अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया है। इस संबंध में सरकार द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। इससे पहले मुख्य आयुक्त का जिम्मा सेवानिवृत आईएएस टीसी गुप्ता संभाल रहे थे।

अनुराग रस्तोगी राज्य प्रशासन के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। मुख्य सचिव के रूप में वे पहले से ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग राज्य में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा नागरिकों को निर्धारित समय सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की निगरानी करता है। आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध तरीके से प्राप्त हों। यदि किसी विभाग द्वारा तय समय सीमा के भीतर सेवा उपलब्ध नहीं कराई जाती, तो आयोग संबंधित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई भी कर सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा