हरियाणा के लिए निवेश जुटाने यूके पहुंचे मुख्यमंत्री

 


-उद्योगपतियों,निवेशकों व प्रवासी भारतीयों के साथ की महत्वपूर्ण बैठकें

चंडीगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में यूनाइटेड किंगडम (यूके) के दौरे पर गए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दौरे के पहले ही दिन विभिन्न उद्योगपतियों, वैश्विक निवेशकों और प्रवासी भारतीयों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं।

इन बैठकों के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा की मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना, निवेश के लिए उपलब्ध व्यापक अवसरों, उद्योग अनुकूल नीतियों, बेहतर कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन की विशेषताओं से अवगत कराया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।

यूके पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त कुमारन पेरियासामी तथा डिप्टी हाई कमिश्नर कार्तिक पांडे ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनके नेतृत्व में गए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उच्चायुक्त कुमारन पेरियासामी और प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में हरियाणा में निवेश की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही, प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से यूके के उद्योगों एवं व्यवसायों को हरियाणा में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने तथा भारत-यू.के. औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके उपरांत, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रवासी भारतीयों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस दौरान प्रवासी भारतीयों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में हरियाणा और यूके के बीच औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, व्यापारिक एवं आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने, परस्पर सहयोग के नए अवसर तलाशने तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही दोनों देशों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने और स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम को प्रोत्साहित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज कृषि प्रधान राज्य की पहचान से आगे बढक़र ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, सेवा क्षेत्र, खेल, शिक्षा और उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है। हरियाणा सरकार उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नीतिगत वातावरण तैयार करने, निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने और निवेशकों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति से आगे बढ़ा रही है और इसी उद्देश्य के साथ मुख्यमंत्री वैश्विक निवेश हरियाणा में लाने के लिए दौरा कर रहे हैं। जर्मनी में हरियाणा स्टेट रोड-शो के माध्यम से प्रदेश की निवेश संभावनाओं और उद्योग अनुकूल नीतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में एमओयू भी किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा