जींद से 17 जुलाई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी : डा. मिड्ढा
जींद, 07 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि आगामी 17 जुलाई का दिन हरियाणा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद आ रहे हैं, जहां वे भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन और हाइड्रोजन गैस प्लांट का उद्घाटन करेंगे। वहीं भिवानी एवं नारनौल मेडिकल कालेज का लोकार्पण किया जाएगा। इससे दक्षिण हरियाणा में स्वासथ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा मंगलवार को विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी दिन अंबाला-काला अंब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (लगभग 40 किमी) का शिलान्यास और कई राष्ट्रीय राजमार्गों का उद्घाटन होगा। कुरूक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से औद्योगिक विकास, बेहतर यातायात, रोजगार के नए अवसर और क्षेत्रीय समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि आठ जुलाई बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जींद आ रहे हैं और जींद जंक्शन तथा रैली स्थल का दौरा करेंगे। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि प्रधानमंत्री के समक्ष सर्कल की डीपीआर व एक नेशनल लेवल के स्टेडियम की मांग करेंगे।
रैली को पूरी तरह इको फ्रेंडली बनाने पर जोर देते हुए कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि पर्यावरण प्रदूषण को कम किया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल जींद जिले के लिए नही बल्कि पूरे हरियाणा और देश के लिए स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। प्रधानमंत्री मोदी देश की ही नही एशिया की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई मजबूती देगा। डा. कृष्ण मिड्ढा ने हरियाणावासियों से अपील की कि वे 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचें। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा के लिए गौरव का क्षण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा