मुख्यमंत्री ने पंचकूला से शुरू किया राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान
17 जुलाई तक पूरे हरियाणा में चलेगा व्यापक स्वच्छता अभियान
चंडीगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हरियाणा आगमन से पहले सोमवार को प्रदेश भर में स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं श्रमदान कर सफाई की तथा प्रदेशवासियों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अभियान की शुरुआत पंचकूला के सेक्टर-20 की मुख्य मार्केट के सामने स्वयं झाड़ू लगाकर की। उन्होंने आसपास के क्षेत्र की सफाई करते हुए नागरिकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने कचरे के वैज्ञानिक एवं उचित निष्पादन के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्वयं कचरा एकत्र कर रेहड़ी में डाला। इस मौके पर उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के दौरे पर आएंगे। इस अवसर को ध्यान में रखते हुए 13 जुलाई से 17 जुलाई तक पूरे हरियाणा में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है जिसकी शुरुआत आज पंचकूला से की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मंत्रीगण, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा पार्टी पदाधिकारी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस अभियान से जुड़ते हुए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया है कि वे जहाँ भी जाएंगे, वहाँ कम से कम 100 पौधे अवश्य लगाएंगे। इसी क्रम में आज पंचकूला में भी पौधरोपण किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा