कैथल: चीका में 24 लाख नकदी व लाखों के जेवर चोरी में दो इनामी आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 08 अगस्त (हि.स.)। चीका में मकान के ताले तोड़कर करीब 24 लाख रुपये की नकदी, 60-65 तोले सोना और लगभग 10 किलोग्राम चांदी चोरी करने के मामले में पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने शनिवार काे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। अदालत से दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार हुड्डा आर-3, चीका निवासी जय भगवान गोयल आठ जून की दोपहर करीब 12 बजे अपने बेटे के पास पंचकूला गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 6:30 बजे पड़ोसी ने फोन कर उनके मकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के सभी ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर में रखी करीब 24 लाख रुपये की नकदी के अलावा 60-65 तोले सोना और करीब 10 किलोग्राम चांदी गायब मिली।
घटना की शिकायत पर थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने बठिंडा जिले के मौड़ मंडी निवासी सोहन सिंह और धर्मबीर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी इससे पहले 25 जून की रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद सिकंदर खेड़ी से बरसाना रोड पर की गई थी। उस कार्रवाई में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने दोनों को काबू किया था। पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में दोनों आरोपी जिला जेल में बंद थे। जांच के दौरान उनकी चीका चोरी की वारदात में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें इस मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ कातिलाना हमला और चोरी सहित तीन-तीन मामले दर्ज हैं। चीका चोरी मामले में दोनों की गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी की रकम, सोने-चांदी के जेवरात तथा वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे