चंडीगढ़ में प्रापर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
चंडीगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। चंडीगढ़ के सेक्टर-नौ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह जिम से निकलकर अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठ रहा था कि तभी बाइक पर आए हमलावरों ने उस पर 12 राउंड फायरिंग कर दी।
प्रॉपर्टी डीलर के पेट, छाती और बाजू पर गोलियां लगी। इसके बाद साथी उसे तुरंत फॉर्च्यूनर गाड़ी में ही डालकर पीजीआई लेकर गए लेकिन अस्पताल में पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बीच इस हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लक्की पटियाल ने सोशल मीडिया पोस्ट डालकर ली है।
प्रॉपर्टी डीलर की पहचान चरणप्रीत सिंह (31) निवासी गांव कुब्बाहेड़ी (मुल्लांपुर) के रूप में हुई है। प्रॉपर्टी डीलर को पहले भी धमकियां मिल चुकीं थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मौके से 12 खाली खोल बरामद हुए हैं। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रत्यक्षदर्शी ऑटो चालक राजेश ने पुलिस को बताया कि वह सवारी लेकर जा रहा था। जैसे ही वह सेक्टर 18 प्रेस लाइट पॉइंट पर पहुंचा तो उसने देखा कि दाहिनी तरफ सेक्टर 9 में एक युवक बाइक पर बैठा हुआ था। वह गाड़ी में बैठ रहे शख्स पर फायरिंग करने लगा। यह घटना करीब सात मिनट तक चली। उसके बाद आरोपी अपने दूसरे साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया पुलिस ने परिवार को बताया है कि 12 बजकर चार मिनट पर चरणप्रीत जिम से बाहर आया। 12.15 पर गाड़ी स्टार्ट कर चला था। आरोपी गोलियां मारने के बाद रॉन्ग साइड से निकले हैं। घटना के बाद आराेपिताें की गिरफ्तारी के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने मोहाली व पंचकूला पुलिस को भी सूचित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा