चंडीगढ़: संयुक्त किसान मोर्चा के धरना-प्रदर्शन के आह्वान पर पुलिस की पैनी नजर
-धरना-प्रदर्शन के चलते कानून व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम : डीजीपी
-डीजीपी अजय सिंघल ने ली पुलिस अधिकारियों की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चंडीगढ़, 10 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में 11 अप्रैल को संयुक्त किसान मोर्चा के धरना प्रदर्शन के आह्वान के चलते हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसे लेकर शुक्रवार काे पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की अध्यक्षता में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशको/पुलिस महानिरीक्षकों/पुलिस आयुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया। पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह, एडीजीपी कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डीजीपी
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अजय सिंघल ने कहा कि किसान संगठनों द्वारा प्रस्तावित जाम के दौरान शरारती तत्वों द्वारा कानून व्यवस्था प्रभावित करने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी ऐसे धरना-प्रदर्शनों के दौरान असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते रहे हैं। इसलिए आवश्यक है कि ऐसी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए समय रहते ठोस और प्रभावी रणनीति बनाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सके और कानून व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जा सके। सिंघल ने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने सूचना तंत्र को सक्रिय करें और जिन स्थानों पर किसान संगठनों द्वारा धरना प्रदर्शन का आह्वान किया गया है वहां पर कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उचित इंतजाम करें। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर लगाई गए पुलिस बल की ब्रीफिंग ठीक प्रकार से होनी चाहिए। प्रत्येक पुलिसकर्मी को यह पता होना चाहिए कि उसे किस स्थिति में कब , क्या और कैसे काम करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नही किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धरना प्रदर्शन के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नही होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक इसे लेकर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें। स्थिति के अनुरूप ट्रैफिक डायवर्जन प्लान आदि बनाएं ताकि आमजन को यातायात को लेकर किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी सुनिश्चित करें कि मंडियों के गेट पर भी किसी प्रकार की अव्यवस्था ना हो और वहां पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आवागमन सुचारू रहे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक अपने क्षेत्रों में किसान संगठनों के नेताओं से बैठक करें और उनसे शांति व सहयोग बनाए रखने का आह्वान करें।
----
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा