चंडीगढ़: ग्रुप-डी के 13246 कर्मियों की होगी बायोमेट्रिक जांच

 


चंडीगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत चयनित कॉमन कैडर ग्रुप-डी के 13,246 कर्मचारियों के बायोमीट्रिक सत्यापन का निर्णय लिया है। इस प्रक्रिया के तहत राज्य के सभी मंडलों में चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों की पहचान का मिलान किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाया जा सके।

सरकार द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, सत्यापन की प्रक्रिया 20 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक विभिन्न मंडलों में आयोजित की जाएगी। सबसे पहले अंबाला मंडल में 20 अप्रैल को 1,451 उम्मीदवारों का सत्यापन होगा, जिसमें अधिकांश कर्मचारी विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं। इसके बाद 21 अप्रैल को करनाल मंडल में 1,662 कर्मचारियों की जांच की जाएगी।

रोहतक मंडल में 22 और 23 अप्रैल को सबसे अधिक 3,750 उम्मीदवारों का सत्यापन प्रस्तावित है, जबकि हिसार मंडल में 24 और 27 अप्रैल को 2,918 कर्मचारियों की बायोमीट्रिक जांच होगी। इसके अलावा 28 अप्रैल को फरीदाबाद मंडल में 960 और 29 अप्रैल को गुरुग्राम मंडल में 1,841 कर्मचारियों का सत्यापन किया जाएगा। अंत में 30 अप्रैल को पंचकूला में 664 शेष अभ्यर्थियों की जांच पूरी की जाएगी, जिनमें चंडीगढ़ व अन्य संबंधित कार्यालयों के कर्मचारी शामिल होंगे।

इस पूरे अभियान की निगरानी संबंधित मंडल आयुक्तों द्वारा की जाएगी, जबकि पंचकूला में यह जिम्मेदारी उपायुक्त स्तर पर निभाई जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक स्टाफ और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा प्रत्येक दिन की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए, जिसमें उपस्थित, अनुपस्थित और सत्यापित उम्मीदवारों का विवरण शामिल हो। इसके साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों में कार्यरत चयनित कर्मचारियों की निर्धारित तिथियों पर उपस्थिति सुनिश्चित करें। विभागवार और मंडलवार नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे, ताकि प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा