चंडीगढ़ : क्रॉस वोटिंग पर क्लीन चिट तक ‘आरोपित’ विधायक बैठकाें से रहेंगे बाहर

 


-विधायक दल की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे विधायक, अनुशासन कमेटी करेगी अप्रैल में फैसला

-शैली चौधरी और जरनैल सिंह के बाद रेनू बाला ने भी क्रास वोटिंग से किया इंकार

चंडीगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर कांग्रेस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। 30 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विधायक दल की बैठक में पांचों आरोपित विधायक हिस्सा नहीं लेंगे। वहीं शैली चौधरी और जरनैल सिंह के बाद सढौरा विधायक रेणू बाला ने भी नोटिस का जवाब देते हुए क्रॉस वोटिंग को सिरे से नकार दिया।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि आरोपित पांचों विधायकों को विधायक दल की बैठक और पार्टी कार्यक्रमों से तब तक दूर रखा जाएगा, जब तक आलाकमान से उन्हें क्लीन चिट नहीं मिलती। इसके साथ ही बागी तेवर दिखा रहे पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भेंट के बाद अब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर पाला बदलने की चर्चाओं को तूल दे दिया है। हथीन के विधायक मोहम्मद इजराइल के तेवर भी तीखे हैं, जिन्होंने अभी तक नोटिस का जवाब नहीं दिया।

रेनू बाला का दावा कांग्रेस प्रत्याशी को ही दिया वोट

सढौरा विधायक रेनू बाला ने कांग्रेस अनुशासन समिति को भेजे जवाब में दावा किया है कि उन्होंने अपना वोट कांग्रेस प्रत्याशी को ही दिया था। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी की वफादार हूं और मैंने कोई क्रास वोटिंग नहीं की। यदि पार्टी मेरे खिलाफ कोई एक्शन लेती है, तो स्वीकार करूंगी। आगे की रणनीति पर फैसला उसके बाद ही लेंगी।

मोहम्मद इलियास ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से की मुलाकात

मोहम्मद इलियास की केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात का फोटो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि इन मुलाकातों को लेकर इलियास सार्वजनिक रूप से कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। उन्हाेंने अभी तक कारण बताओ नोटिस का जवाब भी नहीं दिया है। मोहम्मद इसराइल पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार बनाए गए कर्मवीर बौद्ध मुझे पंसद नहीं थे। मैंने मन की आवाज पर वोट दिया। पार्टी अब अपने मन की कर ले।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक पर टिकी नजरें

बागी कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई को लेकर सभी की नजरें सोमवार को नई दिल्ली में होने वाली विधायक दल की बैठक पर टिकी हुई हैं, जिसमें अगली रणनीति पर चर्चा होगी। इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शामिल होने की पूरी संभावना है। अप्रैल के पहले सप्ताह में चंडीगढ़ में अनुशासनात्मक कार्यवाही कमेटी की बैठक होगी, जिसमें कोई अंतिम निर्णय लेकर रिपोर्ट आलाकमान को भेजी जाएगी। बागी विधायकों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कई विकल्पों पर काम कर रही है। पांचों विधायकों को पार्टी से निलंबित किया जा सकता है। उन्हें संगठनात्मक पदों से हटाया जा सकता है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा