बुद्ध पूर्णिमा पर हरियाणा के स्कूलों में रहेगा अवकाश

 

- बच्चों को स्कूल बुलाया तो होगी कार्रवाई

चंडीगढ़, 30 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के सभी राजकीय और निजी स्कूलों में एक मई को बुद्ध पूर्णिमा पर अवकाश रहेगा। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से निर्देश जारी किए कि किसी भी स्कूल द्वारा इन घोषित छुट्टियों के बावजूद विद्यार्थियों को किसी बहाने से बुलाने या कक्षाएं संचालित करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

विभाग का कहना है कि इन अवकाशों का उद्देश्य विद्यार्थियों को सांस्कृतिक और धार्मिक अवसरों पर विश्राम और सहभागिता का अवसर देना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निदेशालय की ओर से सख्त हिदायत दी गई है कि सभी राजकीय व गैर-राजकीय विद्यालयों में अवकाश के दिन किसी भी प्रकार की गतिविधि के लिए विद्यार्थियों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा। अक्सर देखने में आता है कि कुछ स्कूल छुट्टियों के दौरान भी पढ़ाई या अन्य गतिविधियों के नाम पर छात्रों को बुलाते हैं, जिसे विभाग सख्ती से निपटेगा। यदि कोई स्कूल ऐसा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ विभागीय व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों की रिपोर्ट निदेशालय भेजने के निर्देश दिए हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा