चंडीगढ़: भाजपा स्थापना दिवस और अंबेडकर जयंती के लिए समितियां गठित

 

-सुरेंद्र पूनिया और कृष्ण बेदी को समिति संयोजक की जिम्मेदारी

चंडीगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। भाजपा ने हरियाणा में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रमों के संचालन के लिए दो विशेष कार्यक्रम समितियों का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने भाजपा के स्थापना दिवस और भीम राव अंबेडकर की जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों के लिए समितियां बनाई है। जिसमें स्थापना दिवस कार्यक्रम समिति के लिए प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया को संयोजक और भीम राव अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम समिति के लिए प्रदेश महामंत्री एवं सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी को संयोजक बनाया गया हैं।

इस संबंध में पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय से शुक्रवार काे आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि विभिन्न वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को समिति में शामिल कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समिति में संयोजक और सदस्यों के रूप में कई अनुभवी कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है, जो आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस समिति में संयोजक के रूप में प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया के अलावा चार अन्य नेताओं को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, प्रदेश सचिव राहुल राणा, जिला प्रभारी मुकेश गौड़ और पूर्व जिला अध्यक्ष बलदेव ग्रोहा को सदस्य बनाया गया है।

वहीं, 14 अप्रैल को भीम राव अम्बेडकर जयंती के कार्यक्रम हेतु बनाई गई समिति में मंत्री एवं प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी को संयोजक नियुक्त करने के अलावा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश जरावता, पूर्व मंत्री अनूप धानक, एससी मोर्चा प्रदेश महामंत्री मक्खन सिंह और राजकुमार कटारिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी के अनुसार, यह कदम आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। इससे संगठनात्मक कार्यों में गति आएगी और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

---

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा