हांसी: अमित राणा बने पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन
हांसी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हांसी जिले के गांव सिसाय निवासी अधिवक्ता अमित
राणा को पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल का चेयरमैन चुना गया है। घोषित चुनाव परिणामों
में शर्मिला शर्मा को वाइस चेयरमैन चुना गया, जबकि प्रदीप परमार को मानद सचिव की जिम्मेदारी
सौंपी गई। अमित राणा के चेयरमैन चुने जाने से गांव सिसाय में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों
की ओर से उनके गांव पहुंचने पर स्वागत किए जाने की तैयारी है।
बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के अतिरिक्त सचिव मलकीत सिंह ने मंगलवार काे बताया कि
करनजीत सिंह एडवोकेट को राज्य बार काउंसिल की ओर से बार काउंसिल ऑफ इंडिया का सदस्य
चुना गया है। चुनाव में 26 सदस्यों ने मतदान किया। मार्च 2026 में बार काउंसिल के आम
चुनावों के बाद गठित नई बार काउंसिल के पदाधिकारियों के लिए ये पहले चुनाव थे।
राज्य बार काउंसिल में महिलाओं का 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने
के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार योगमाया एमजी बनाम भारत संघ मामले
के तहत दो महिला सदस्यों न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जयश्री ठाकुर और वरिष्ठ अधिवक्ता
गुरशरण कौर मान को काउंसिल में सहयोजित किया गया। बार काउंसिल के चुनाव में सात महिला
सदस्यों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन एवं पंजाब के महाधिवक्ता मनिंदरजीत
सिंह बेदी ने हरियाणा के महाधिवक्ता पवन कुमार मुटनेजा, जो बार काउंसिल के पदेन सदस्य
भी हैं, के साथ सभी सदस्यों की ओर से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके
सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने चुनाव में भाग लेने वाले अन्य उम्मीदवारों की भी
उत्साहपूर्ण और गरिमापूर्ण मुकाबले के लिए सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर