हिसार : सीएम से मुलाकात की मांग पर सीईटी पास युवाओं ने लगाया जाम
लघु सचिवालय के सामने राजगढ़ रोड पर किया प्रदर्शन
11 दिन से धरने पर बैठे युवाओं ने की लिखित आश्वासन
की मांग
हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अपनी मांगों को लेकर
करीब 11 दिनों से धरने पर बैठे सीईटी पास युवाओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से
मुलाकात की मांग पर लघु सचिवालय के सामने राजगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना
मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी
युवाओं से बातचीत कर उन्हें सड़क से हटाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया।
धरने पर बैठे युवाओं ने गुरुवार काे बताया कि वे पिछले 11
दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से उनके
साथ बातचीत नहीं की गई है। युवाओं के अनुसार हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मेले
का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पहुंचने का कार्यक्रम
है। ऐसे में वे मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात कर अपनी मांगें उनके समक्ष रखना चाहते
हैं।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मुख्यमंत्री से
उनकी मुलाकात कराई जाए और इस संबंध में लिखित आश्वासन दिया जाए। युवाओं का कहना है
कि केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर वे अपना धरना समाप्त नहीं करेंगे। युवाओं ने कहा
कि सीईटी पास करने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया लंबी खिंचने से उन्हें परेशानी का सामना
करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार
कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर