सोनीपत: जनगणना से विकास योजनाओं को मिलेगी सही दिशा और गति: बडौली

 


सोनीपत, 17 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा

प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मकानों की सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया के तहत अपने

सोनीपत स्थित आवास से शुक्रवार को स्व-जनगणना की शुरुआत की। स्वयं प्रक्रिया में भाग

लेते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि हर नागरिक की भागीदारी से ही यह अभियान

सफल बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था समय बचाने के साथ पारदर्शिता और सटीकता

बढ़ाने में मदद करेगी।

मोहन

लाल बड़ौली ने बताया कि राज्य में जनगणना का पहला चरण एक मई से 30 मई 2026 तक चलेगा।

इस दौरान मकानों की गणना और सूचीकरण किया जाएगा। इससे पहले 16 अप्रैल से 30 अप्रैल

तक नागरिकों को स्व-जनगणना की सुविधा दी गई है। लोग घर बैठे मोबाइल फोन, टैबलेट या

कंप्यूटर के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था

आधुनिक और सरल है, जिससे अधिक से अधिक लोग आसानी से भाग ले सकेंगे।

प्रदेश

अध्यक्ष ने कहा कि स्व-जनगणना से आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित होगी। सही जानकारी मिलने

से भविष्य की योजनाएं बेहतर ढंग से बनाई जा सकेंगी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया

कि वे पूरी और सही जानकारी दें ताकि सरकार तक वास्तविक स्थिति पहुंच सके। उनके अनुसार

यह पहल जीवन सुगमता और तकनीकी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने

कहा कि डिजिटल माध्यम से जानकारी एकत्र होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और योजनाओं का लाभ

हर नागरिक तक पहुंचाना आसान होगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं

से जुड़ी योजनाओं को मजबूत आधार मिलेगा।

मोहन

लाल बड़ौली ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करें और उन्हें स्व-जनगणना में भाग लेने

के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों का पक्ष रखते हुए उन्होंने बताया कि प्रशासन ने पूरी

प्रक्रिया को सरल और सुरक्षित बनाने की तैयारी कर ली है। यह कदम प्रदेश के संतुलित

और योजनाबद्ध विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना