यमुनानगर:बच्चों की सुरक्षा संग मनाएं होली, मिशन वात्सल्य की अपील
यमुनानगर, 28 फ़रवरी (हि.स.)रंगों के पर्व होली को सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ मनाने को लेकर मिशन वात्सल्य के तहत जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि उत्सव की खुशियों के बीच बच्चों की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
यमुनानगर में कार्यवाहक जिला बाल संरक्षण अधिकारी रंजन शर्मा ने शनिवार को नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और सकारात्मक मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे अवसरों पर बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान रासायनिक रंगों के उपयोग से बच्चों की त्वचा और आंखों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही पानी के अनावश्यक उपयोग से बचते हुए पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखने की जरूरत है।
अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें, ताकि वे किसी दुर्घटना या अनुचित गतिविधि का शिकार न हों। सार्वजनिक स्थानों पर जबरन रंग लगाने, छेड़छाड़ या असामाजिक व्यवहार से दूर रहने का भी आग्रह किया गया है, जिससे त्योहार की गरिमा बनी रहे। मिशन वात्सल्य के अंतर्गत बाल संरक्षण तंत्र को सक्रिय रखते हुए लोगों से कहा गया है कि यदि किसी बच्चे के साथ हिंसा, शोषण या उपेक्षा जैसी स्थिति की जानकारी मिले तो तुरंत बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार