हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के सीडीओई के दाखिला पोर्टल शुभारंभ

 


कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने किया दाखिला पोर्टल का उद्घाटन

नैक द्वारा ए$ मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय में ओडीएल एवं ऑनलाइन मोड में

रोजगारपरक एवं कौशल आधारित कोर्स उपलब्ध

हिसार, 02 जून (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय

के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) की शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न

स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कोर्स ऑपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल)

तथा ऑनलाइन मोड में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ हो गई है। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

ने मंगलवार को दाखिला पोर्टल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो.

योगेश चाबा, कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रो. विनोद छोकर, सीडीओई के निदेशक प्रो. खुजान

सिंह, पीडीयूसीआईसी के निदेशक मुकेश अरोड़ा सहित शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार काे कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण,

तकनीक आधारित एवं किफायती उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) के अनुरूप दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली

को अधिक सुदृढ़ बनाया गया है ताकि विद्यार्थी अपने घर के निकट रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त

कर सकें। उन्होंने बताया कि हरियाणा, दिल्ली एवं एनसीआर क्षेत्र में अध्ययन एवं परीक्षा

केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को सुविधा प्राप्त होगी।

दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. खुजान सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय

द्वारा संचालित सभी कार्यक्रमों, शुल्क संरचना, अध्ययन केंद्रों, परीक्षा केंद्रों

एवं ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय

द्वारा संचालित सभी कोर्स यूजीसी द्वारा मान्यता प्राप्त हैं तथा नियमित कोर्स के समकक्ष

हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अत्यंत किफायती शुल्क संरचना, गुणवत्तापूर्ण

सेल्फ लर्निंग मेटीरियल तथा डिजिटल सपोर्ट सिस्टम के माध्यम से विद्यार्थियों हेतु

अनुकूल एवं सुविधाजनक शिक्षा वातावरण उपलब्ध करवा रहा है। हर कोर्स के विद्यार्थियों

के लिए संबंधित कोर्स कोऑर्डिनेटर द्वारा व्हाटसऐप ग्रुप्स के माध्यम से कोर्स से जुड़ी

हर जानकारी प्रदान की जाती है। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में

देश-विदेश के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय नैक द्वारा ए$ ग्रेड से मान्यता

प्राप्त प्रतिष्ठित राज्य विश्वविद्यालय है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर