जींद : छह स्कूल बसों की जांच, लगाया चार हजार का जुर्माना
जींद, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम द्वारा गुरूवार को स्कूली बसों की जांच का अभियान चलाया गया। इस दौरान जींद क्षेत्र में छह स्कूलों में 25 बसों की जांच हुई। इस दौरान बस में सीसी टीवी कैमरा, फायर सिलेंडर व हेल्पलाइन नंबर नहीं मिलने पर चार चालान करते हुए चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गौरतलब है कि प्रत्येक सप्ताह गुरूवार को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय टीम स्कूली बसों की जांच को लेकर अभियान चलाती है। जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय से इंस्पेक्टर, एमवीआई, ट्रैफिक पुलिस से सब इंस्पेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी से एक प्रतिनिधि को शामिल किया जाता है। जांच के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाती है, जिसमें रिफ्लेक्टर, फायर सिलेंडर, सहित चालक व परिचालकों के लाइसेंस की जांच की जाती है। जिले में 350 से ज्यादा निजी स्कूल हैं। इसमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यार्थियों को स्कूल व घर पर ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था होती है। नियमानुसार इसमें एक सहायक भी तैनात होता है। इसके अलावा बस में जीपीएस व सीसी टीवी कैमरे भी लगे होना अनिवार्य होते हैं। बस का परमिट व चालक के पास हैवी लाइसेंस जैसे कागजात भी जरूरी होते हैं, लेकिन कई प्राइवेट बस चालक कई बार इन नियमों का पालन नहीं करते है। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि जींद क्षेत्र में छह स्कूलों में 25 बसों की जांच के दौरान चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा