सीबीआई ने आईएएस अधिकारी को तीन दिन के रिमांड पर लिया
पैसों की ट्रांजेक्शन के लिए इस्तेमाल होता था सहयोगी का फोन
सीबीआई ने आईएएस के सहयोगी प्रिंस को भी रिमांड पर लिया
चंडीगढ़, 19 जून (हि.स.)। सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए आईएएस अधिकारी आर.के.सिंह को शुक्रवार को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
सीबीआई ने गुरुवार को पंचकूला नगर निगम से लगभग 79.46 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में आर.के. सिंह को गिरफ्तार किया था। यह मामला उस बड़े वित्तीय घोटाले का हिस्सा है, जिसमें हरियाणा सरकार के आठ विभागों के करीब 504 करोड़ रुपये कथित तौर पर फर्जी या अस्तित्वहीन फिक्स्ड डिपॉजिट और डेबिट नोट्स के जरिए निकालकर विभिन्न शेल कंपनियों तक पहुंचाए गए थे। यह पूरा नेटवर्क सेक्टर-32 स्थित आईडीएफसी फस्र्ट बैंक शाखा के माध्यम से संचालित होने का आरोप है।
सीबीआई ने शुक्रवार को आर.के.सिंह के अलावा एक अन्य आरोपी प्रिंस को भी कोर्ट में पेश किया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक इस घोटाले को अंजाम देते समय प्रिंस के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया गया है। उसके नंबर पर पैसों के लेन-देन से जुड़े ओटीपी आए हैं। फिलहाल कोर्ट ने आईएएस ऑफिसर आर.के. सिंह और प्रिंस दोनों को तीन-तीन दिन के सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने केस की पूरी जांच के लिए आरोपियों का रिमांड मांगा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने आर.के. सिंह को तीन दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश जारी कर दिए।
सीबीआई केस से जुड़े फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन, बैंक अकाउंट और डॉक्यूमेंट्स की डिटेल में जांच करेगी। साथ ही, यह भी पता लगाया जाएगा कि कथित गड़बडिय़ों में और कौन-कौन लोग शामिल थे और पैसों के लेन-देन की पूरी चेन क्या थी। जांच एजेंसी का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में कई अहम जानकारी सामने आ सकती है, जिससे मामले के दूसरे पहलू भी सामने आ सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा