सीबीआई ने दस लाख रिश्वत लेते सीजीएसटी अधीक्षक को पकड़ा

 


चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचकूला में तैनात केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के अधीक्षक को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधीक्षक ने एक निजी फर्म को जीएसटी संबंधी कार्रवाई में राहत देने और भारी जुर्माना लगाने से बचाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।

सीबीआई ने जाल बिछाकर उसे रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए दबोच लिया। आरोपी से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है।

सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 19 नवंबर को शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता एक निजी फर्म में साझेदार है। आरोप है कि सीजीएसटी अधीक्षक ने फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी कार्रवाई में कथित तौर पर अनुचित लाभ पहुंचाने, भारी जुर्माना नहीं लगाने और आगे मांग संबंधी नोटिस जारी नहीं करने की एवज में शुरुआत में 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

बाद में यह मांग घटाकर 20 लाख रुपये कर दी गई, जिसमें पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये देने तय हुए थे।

सीबीआई की ओर से की गई प्रारंभिक जांच और सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई। इस दौरान आरोपी ने रिश्वत की मांग बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी और इसमें से 10 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में लेने पर सहमति जताई। इसके बाद सीबीआई ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाया और आरोपी अधीक्षक को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। सीबीआई ने रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा