नूंह के घासेड़ा में स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

 


नूंह, 04 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव घासेड़ा में कार्रवाई करते हुए 45.17 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1800 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। बरामद नशीले पदार्थ की अवैध बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

फरीदाबाद यूनिट के प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह ने बताया कि एएसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम छछेड़ा बस स्टैंड के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घासेड़ा निवासी अनवर उर्फ पहलवान उर्फ चुनु स्मैक बेचने का काम करता है और अपने घर के सामने मस्जिद के पास नशीला पदार्थ लेकर बिक्री के लिए मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने गांव घासेड़ा पहुंचकर बताए गए स्थान से आरोपी को काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से स्मैक और 1800 रुपये नकद बरामद हुए। नशीले पदार्थ का वजन कराने पर कुल 45.17 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने बरामदगी के संबंध में आरोपी अनवर उर्फ पहलवान उर्फ चुनु के खिलाफ थाना सदर नूंह में एफआईआर नंबर 285 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर स्मैक के स्रोत, सप्लाई करने वाले लोगों और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगामी जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया