सोनीपत : दुकानदार से हथियार के बल पर फिल्मी अंदाज में नगदी व गहने लूटे

 


सोनीपत, 30 मार्च (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र कुंडली स्थित महादेव मार्केट में मनी ट्रांसफर की दुकान

पर लूट की वारदात हो गई। दो अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर दुकानदार को बंधक बनाकर

नकद राशि और सोने की चेन लूट ली तथा दुकान को बाहर से बंद कर फरार हो गए।

मध्यप्रदेश

के जिला रीवा निवासी पीड़ित रीतोष दुबे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुंडली

के नांगल कला स्थित महादेव मार्केट में परनामी कम्युनिकेशन नाम से वह मनी ट्रांसफर

की दुकान चलाता है। रविवार शाम दो युवक दुकान पर आए और एक लाख रुपए ट्रांसफर करने के

शुल्क की जानकारी ली। इस दौरान दोनों ने काफी देर तक बातचीत की और फिर वहां से चले

गए। करीब दो घंटे बाद दोनों युवक फिर दुकान पर पहुंचे और पैसे ट्रांसफर कराने की बात

कही। जैसे

ही दुकानदार ने ट्रांजेक्शन प्रक्रिया शुरू की, एक युवक ने बैग से कट्टा निकालकर उसकी

कनपटी पर लगा दिया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने उसे जबरन दुकान के कोने में प्लास्टिक

कुर्सी पर बैठाकर हाथ, पैर और मुंह को प्लास्टिक टेप से कसकर बांध दिया। आरोपियों ने

दुकान की दराज खंगालकर उसमें रखे करीब एक लाख बीस हजार रुपए नकद और डेढ़ तोले की सोने

की चेन निकाल ली। वारदात के बाद आरोपी दुकान के बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए ताकि

पीड़ित तुरंत बाहर न निकल सके।

काफी

मशक्कत के बाद पीड़ित ने अपने हाथ-पैर खोले और मित्र अमित को फोन कर घटना की जानकारी

दी। दुकान में रखी दूसरी चाबी से दरवाजा खोलकर वह बाहर निकला और आसपास आरोपियों की

तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित ने बताया कि आरोपी सामने आने पर वह उनकी पहचान कर सकता है। पुलिस ने आरोपियों

के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज

खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। दुकानदार द्वारा एक सीसीटीवी

फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है, जिसमें आरोपी दुकान से भागते दिखाई दे रहे हैं। सूचना

मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना