हिसार : ब्लैकमेलिंग कर मुकदमे से नाम निकलवाने के नाम पर वसूली करने वाला गिरफ्तार
दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, 14 हजार
रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद
हिसार, 30 अगस्त (हि.स.)। झूठे मुकदमे में फंसाने
की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और पुलिस के नाम पर पैसे ऐंठने के मामले में आदमपुर पुलिस
ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 हजार रुपये की नकदी
और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया,
जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार इसस संबंध में चुली खुर्द निवासी
अनुज ने शिकायत दी थी कि गांव का ही विक्रम उसे और उसके साथियों को झूठे केस में फंसाने
तथा वीडियो रिकॉर्डिंग होने का डर दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने पहले भी झूठे
मुकदमे से नाम निकलवाने के नाम पर सवा लाख रुपये लिए थे और दोबारा दो लाख रुपये की
मांग कर रहा था। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रस्तुत पेनड्राइव और ऑडियो
साक्ष्यों की जांच के बाद मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी एएसआई दलबीर सिंह की टीम ने
कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे
से 14 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने आरोपी
को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर