हिसार में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला गिरफ्तार, नकदी व जेवर बरामद

 


80 हजार रुपये नकद सहित पाजेब, अंगूठियां, कड़ा और सोने की बालियां ले गया

था चोर

हिसार, 21 नवंबर (हि.स.)। सूर्यनगर क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर नकदी और

सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा पूरा सामान बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी

की पहचान शिव कॉलोनी निवासी दीपक के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सूर्यनगर की गली नंबर 22 निवासी ममता ने शिकायत में बताया

कि वह मेडिसिटी अस्पताल में स्वीपर के पद पर कार्यरत हैं। वह सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी

पर चली गई थीं, जबकि उनका बेटा नीरज दोपहर करीब एक बजे घर पर ताला लगाकर काम पर चला

गया। रात करीब आठ बजे जब वह घर लौटीं तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान

बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से 80 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब

मिले। इनमें चांदी की पाजेब, चुटकी, अंगूठियां व कड़ा तथा सोने की कानों की बालियां,

नथली और लौंग शामिल थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी पीएसआई

शीशपाल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसकी निशानदेही और कब्जे से चोरीशुदा नकदी व सभी सोने-चांदी के आभूषण बरामद

कर लिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर