नूंह पुलिस ने चोरी के दस मामलों में वांछित आरोपी को पकड़ा
नूंह, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पुन्हाना सदर थाना पुलिस ने गश्त एवं चेकिंग के दौरान चोरी के मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साबिर निवासी लुहिंगा कलां जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार कार्रवाई के बाद रेवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पुन्हाना सदर थाना पुलिस की टीम गश्त एवं चेकिंग पर थी। इसी दौरान पुलिस ने साबिर को काबू किया। आरोपी के संबंध में रिकॉर्ड की जांच करने पर सामने आया कि वह जिला रेवाड़ी में चोरी के कुल 10 मामलों में वांछित है तथा काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना मॉडल टाउन रेवाड़ी में चोरी के नौ मुकदमे तथा थाना सिटी रेवाड़ी में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। इस प्रकार आरोपी कुल 10 मामलों में वांछित था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रेवाड़ी पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में नूंह पुलिस से सहयोग मांगा गया था। इसके बाद पुन्हाना सदर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और उसे थाना मॉडल टाउन रेवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा आरोपी से संबंधित अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया