नूंह: साइबर अपराध में बाप-बेटा गिरफ्तार, बेटे पर सेक्सटॉर्शन का आरोप

 


नूंह, 26 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए पुन्हाना की टीम ने अलग-अलग मामलों में बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बेटे पर सेक्सटॉर्शन के जरिए लोगों से ठगी करने का आरोप है, जबकि पिता आईटी एक्ट के एक पुराने मामले में आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी पर एक हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पहले मामले में सीआईए पुनहाना की टीम ने जुनैद निवासी गांव मड़ियाकी, थाना बिछोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ साइबर थाना नूंह में सेक्सटॉर्शन से संबंधित मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें तीन सिम कार्ड इस्तेमाल किए जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनजान पुरुषों से संपर्क कर सेक्सटिंग के बहाने बातचीत शुरू करता था। इसके बाद वीडियो कॉल के दौरान पहले से रिकॉर्ड किए गए वीडियो का इस्तेमाल कर वास्तविक बातचीत का भ्रम पैदा करता था।

आरोपी पूरी वीडियो कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर लेता था और बाद में संबंधित व्यक्ति को रिकॉर्डिंग भेजकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। इसी धमकी के जरिए वह पीड़ित से ऑनलाइन पैसों की मांग करता था। जांच के दौरान पोर्टल पर आरोपी के खिलाफ एक शिकायत भी दर्ज मिली है। आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए साइबर क्राइम थाना नूंह को सौंप दिया गया है।

वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने जुनैद के पिता फारुख पुत्र राजू निवासी गांव मड़ियाकी, थाना बिछोर को गिरफ्तार किया है। फारुख के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से एक हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सीआईए पुनहाना की टीम ने उसे भी गिरफ्तार कर संबंधित थाने को इसकी सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोनों मामलों में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया