सिरसा: रिश्वत के आरोप में एएसआई सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज
सिरसा, 07 सितंबर (हि.स.)। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हिसार द्वारा सिरसा जिले के डबवाली स्थित गोल बाजार पुलिस चौकी में तैनात एएसआई जगजीत सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल राकेश कुमार व एसपीओ राजवीर को भी सह आरोपी बनाया गया है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि छह सितंबर को एसीबी हिसार द्वारा एएसआई जगजीत सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि एएसआई जगजीत सिंह ने अपने सहकर्मियों हेड कांस्टेबल राकेश कुमार और एसपीओ राजवीर के साथ मिलकर उसके दोस्त बबलू और उसके परिवार को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर में संरक्षण देने की एवज में एक लाख 45 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के अनुसार आरोपियों द्वारा रिश्वत की एक लाख 25 हजार रुपये की राशि पहले ही ली जा चुकी थी, जबकि शेष 20 हजार रुपये बाद में देने के लिए कहा गया था। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने अपना जाल बिछाया। छह सितंबर को ट्रैप के दौरान एएसआई जगजीत सिंह ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली। यह राशि चौकी में तैनात एसपीओ राजवीर को सौंप दी गई और आरोपी राजवीर रिश्वत की राशि लेकर फरार हो गया। एएसआई जगजीत सिंह को टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एसीबी टीम अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma