हांसी : भाखड़ा पाइपलाइन उखाड़ने पर 31 किसान नेताओं के खिलाफ केस दर्ज

 


हांसी-बरवाला रोड ढाई घंटे किया था जाम

हांसी, 02 जून (हि.स.)। हांसी शहर में पेयजल सप्लाई आपूर्ति के लिए डाली जा

रही भाखड़ा पाइप लाइन को चानौत गांव में उखाड़ने का प्रयास करने तथा पाइपलाइन को नुकसान

पहुंचाने पर 31 किसान नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में प्रदर्शनकारियों

के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मंगलवार दोपहर अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस

वार्ता में पुलिस की कार्रवाई और मामले की स्थिति की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने

बताया कि कानून व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामलों में नियमानुसार

कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि एसडीओ एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट शीला देवी की

शिकायत पर पुलिस ने 31 नामजद किसान नेताओं और कई अन्य अज्ञात पुरुषों व महिलाओं के

खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अलावा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम

(पीडीपीपी) की धारा 3 और नेशनल हाइवे एक्ट की धारा 8बी के तहत मामला दर्ज किया है।

दर्ज मामले में भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के कई प्रदेश स्तरीय व स्थानीय पदाधिकारी

शामिल हैं।

पुलिस को दी गई शिकायत में एसडीओ शीला देवी ने बताया कि उन्हें गांव चानौत

में पानी की समस्या को लेकर चल रहे धरने के मद्देनजर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया

गया था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे जब वह एसडीएम हांसी राजेश खोथ और भारी पुलिस बल के

साथ मौके पर पहुंची तो वहां चानौत और आसपास के गांवों के लोग भारी संख्या में एकत्रित

थे।

आरोप है कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समझाए जाने और

रोड जाम न करने की अपील के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। किसान नेताओं

ने हांसी-बरवाला रोड (नेशनल हाइवे) को पूरी तरह से जाम कर दिया। इसके अलावा, खरकड़ी

मोड़ पर पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा बिछाई गई पानी की पाइपलाइन को उखाड़ने का प्रयास

किया गया और सड़क पर पड़े पाइपों को आड़े तिरछे डालकर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया

गया।

वीडियो ग्राफी के आधार पर केस दर्ज, इन नेताओं पर हुई कार्रवाई

प्रशासनिक अधिकारियों की बात न मानकर सरकारी काम में बाधा डालने और नेशनल हाइवे

जाम करने के मामले में मौके पर की गई वीडियोग्राफी के आधार पर आरोपियों की पहचान की

गई है। पुलिस ने इस मामले में अनूप चानौत, चनौत के पूर्व सरपंच सत्यवान, प्रतिनिधि

सरपंच हिमांशु, किसान नेता दशरथ मलिक, हरियाणा भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश

अध्यक्ष सुरेश कौथ, हरियाणा भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दिलबाग हुड्डा,

टोल प्लाजा कमेटी उमरा के प्रधान कैलाश मलिक, भारतीय किसान यूनियन के विकास सीसर, भारतीय

किसान यूनियन एकता सिद्धपुर के प्रदेश महासचिव राजू खरड़ और प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु

कोहाड़ सहित कुल 31 किसान नेताओं को नामजद किया है। इसके अलावा भारी संख्या में अन्य

प्रदर्शनकारी पुरुषों व महिलाओं के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर