जींद : शेयर मार्केट में मुनाफा दिखा लगाया दो लाख 48 हजार का चूना
जींद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश पर अच्छा मुनाफा दिखा कर एक व्यक्ति को दो लाख 48 हजार रुपये का चूना लगाने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव गोहियां निवासी अमन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक यू टयूब चैनल पर शेयर मार्केट के टिप्स देखता था। उसने चैनल पर आए लिंक को क्लिक कर लिया। जिसके बाद उसके मोबाइल पर व्हाट्सअप मैसेज आया। जिसके बाद उसके पास वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने शेयर मार्केट के बारे में बताया। जिसने पूर्व में हुए नुकसान की रिकवरी करवाने को आश्वासन दिया। उसने कुछ टिप्स फोलो करने के बारे में कहा।
तीन माह के रजिस्ट्रेशन के लिए 5100 रुपये जमा करवाने के लिए कहा गया। रुपये न होने की बात कहने पर एक हजार रुपये टोकन मनी देना मांगी। जिस पर उसने अपने बैंक खाते से राशि ट्रांसफर कर दी। फिर कहा गया कि उसे डिमेट खाते के बजाय किसी भी बैंक खाते में सेव रखने होंगे। गत तीन अक्टूबर को उसके व्हाट्सअप पर मैसेज आया। फिर उसे मोबाइल नंबर दिया गया। उसने एक लाख रुपये के प्लान में एड करने के लिए कहा। जिसके बाद उसने एक लाख रुपये गुगल पे के माध्यम से भेज दिए। फिर पेमेंट लेट होने के करण सीट फुल होने के बारे में बताया।
फिर दो लाख रुपये वाले प्लान में डाल दिया। उसने छह अक्टूबर को प्लान के प्रोफिट का चार्ट भेजा। जिसमें उसे अच्छा मुनाफा दिखाया गया। वह उसे प्रोफिट के चार्ट भेजता रहा। उसने राशि दो लाख रुपये लगाई। उसे मुनाफा तीन लाख 71 हजार रुपये का दिखाया गया। जिसमें जीएसटी 66 हजार 782 रुपये बताई गई। जीएसटी भेजने के बाद राशि ट्रांसफर करने की बात कही। जिस पर उसने जीएसटी राशि को भी आरोपित के खाते में भेज दिया। आरोपित ने पांच लाख 71 हजार रुपये ट्रांसफर करने का स्क्रीनशोट उसके पास भेज दिया। बावजूद इसके उसके खाते में राशि नही आई। रविवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने अमन की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा