नूंह में बारातियों ने थार की छत पर चढ़कर मचाया हुड़दंग, दूल्हा गिरफ्तार

 


नूंह, 08 जून (हि.स.)। नूंह जिले में शादियों के दौरान वाहनों पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंगबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। नगीना थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए दूल्हे सहित चार थार गाड़ियों के चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सात जून को थाना नगीना में तैनात उप-निरीक्षक यशपाल कानून-व्यवस्था ड्यूटी एवं गश्त के दौरान गांव मांडीखेड़ा में मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक वीडियो क्लिप प्राप्त हुई। वीडियो की जांच करने पर पता चला कि गांव नाई नंगला निवासी आकिब की बारात गांव चंदेनी जा रही थी। इस दौरान कुछ युवक थार गाड़ियों की छतों पर खड़े और बैठे हुए दिखाई दिए तथा वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे थे। वीडियो में दिखाई दे रही थार गाड़ियों के नंबर बताए गए। आरोप है कि वाहन चालक युवकों को छतों पर बैठाकर और खड़ा करके वाहन चला रहे थे, जिससे उनकी तथा आमजन की जान को खतरा उत्पन्न हो रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस गांव नाई नंगला पहुंची, लेकिन तब तक बारात गांव चंदेनी के लिए रवाना हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि दूल्हे आकिब ने कथित रूप से कहा था कि थार गाड़ियों की छतों पर चढ़कर जाना है, निकाह बार-बार नहीं होता। जांच में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर दूल्हे आकिब तथा संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि बारात के दौरान थार गाड़ियों पर चढ़कर किए गए हुड़दंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया