जींद : जमीन लीज पर लेकर तीन माह की राशि नहीं दी, कंपनी एमडी समेत चार पर केस
पराली की गांठें रखने के लिए ली थी चार कनाल जमीन, मालिक का आरोप-न जमीन खाली की, न भुगतान किया
जींद, 16 सितंबर (हि.स.)। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने गांव ढाठरथ में जमीन लीज पर लेकर कथित तौर पर तीन माह की लीज राशि का भुगतान न करने और जमीन खाली नहीं करने के मामले में कंपनी के एमडी समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ढाठरथ निवासी रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जींद बायो एनर्जी एलएलपी ने पराली की गांठें रखने के लिए उसकी चार कनाल जमीन लीज पर ली थी। दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट हुआ था, जिसमें लीज अवधि पूरी होने के बाद जमीन को खाली कर समतल करके देने की शर्त भी शामिल थी। शिकायतकर्ता के अनुसार लीज अवधि समाप्त हुए तीन माह बीत चुके हैं, लेकिन कंपनी ने न तो जमीन खाली की और न ही तीन माह की लीज राशि का भुगतान किया।
रमेश का आरोप है कि उसने कंपनी के एमडी श्रीनिवास सनापला से जमीन खाली करने और बकाया राशि देने की बात की तो उन्होंने आनाकानी की और उसे धमकी दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पराली जलाने से जमीन की उपजाऊ शक्ति प्रभावित हो रही है तथा कंपनी के कर्मचारियों द्वारा उस पर पराली जलाने के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी के एमडी श्रीनिवास सनापला, सुपरवाइजर महेंद्र, मैनेजर विनोद और अकाउंटेंट सचिन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी महिपाल ने बताया कि खेत मालिक ने जमीन खाली न करने और लीज की अतिरिक्त राशि का भुगतान नहीं करने की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा