हिसार : सातरोड़ कलां से दो तुर्की पिस्तोल व 75 कारतूस बरामद, आरोपी गिरफ्तार

 


सीआईए मिल गेट ने की कार्रवाई, आरोपी पर हत्या,

लूट, हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट समेत 15 मामले दर्ज

हिसार, 22 सितंबर (हि.स.)। सीआईए मिल गेट पुलिस

ने सातरोड़ कलां क्षेत्र से एक आरोपी को दो अवैध तुर्की पिस्तोल, 75 जिंदा कारतूस और

तीन मैगजीन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना में आर्म्स एक्ट

के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर हिसार, जींद, हांसी,

पंजाब और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती समेत विभिन्न धाराओं के

तहत पहले से 15 मामले दर्ज हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि सीआईए

मिल गेट की टीम सातरोड़ कलां क्षेत्र में गश्त और अपराध की पड़ताल के लिए मौजूद थी।

इसी दौरान टीम को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई

करते हुए आरोपी को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो तुर्की पिस्तोल, 75 जिंदा

कारतूस और तीन मैगजीन बरामद हुईं। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि अवैध हथियार रखना

गंभीर अपराध है। हथियारों के दम पर समाज में भय पैदा करने या अपराध को अंजाम देने वालों

के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध असलहा रखने

वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 से

2026 तक थाना सदर, सिविल लाइन, मुनक पंजाब, करधनी जयपुर, नारनौंद हांसी, उचाना जींद

और सिटी गोहाना सहित विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास,

लूट, डकैती, अपहरण, आर्म्स एक्ट तथा जेल अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर