यमुनानगर:तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो पलटा, छह यात्री घायल

 

यमुनानगर, 09 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक सहित छह लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सवारियों से भरा ऑटो गांव हाफिजपुर मोड़ के पास पहुंचा और सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

गाँव शहजादवाला निवासी घायल ऑटो चालक नरेशपाल, पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र में ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। वह प्रतापनगर बस अड्डे से सवारियां लेकर बरोली माजरा की ओर जा रहा था, रास्ते में हादसा हो गया। इस दुर्घटना में नरेशपाल के अलावा रहमान, रिहाना, समर, दानिस, आसेफा और गुलसफा घायल हुए हैं, जो बरोली माजरा के रहने वाले बताए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर रेफर किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल रहमान और रिहाना को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ स्थित अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को दिए बयान में ऑटो चालक ने बताया कि उसने वाहन का नंबर नोट कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार