कैथल: पराली प्रबंधन की जमीनी हकीकत जानने खेतों में पहुंचे सीएक्यूएम सदस्य एसडी अत्री
कैथल, 12 नवंबर (हि.स.)। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के सदस्य एसडी अत्री ने पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अधिकारियों को अगले एक सप्ताह तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी फील्ड अधिकारी अलर्ट मोड पर कार्य करें और संभावित संवेदनशील गांवों में निगरानी बढ़ाई जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन, पुलिस, कृषि विभाग और किसानों के आपसी सहयोग से ही पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
एसडी अत्री गुरुवार को लघु सचिवालय के सभागार में फसल अवशेष प्रबंधन और वायु गुणवत्ता को लेकर कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और जींद के उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में चारों जिलों के अधिकारियों ने पराली प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों और आगामी दिनों की तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में डीसी अपराजिता ने कैथल जिले की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 272 धान उत्पादक गांव हैं। पराली प्रबंधन के लिए 681 गांव स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिले में 3,800 इन-सीटू कृषि मशीनें उपलब्ध हैं, जबकि पिछले तीन वर्षों में 317 एक्स-सीटू मशीनें उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त करीब 150 मशीनों की और आवश्यकता है। निगरानी के लिए सात ब्लॉक स्तरीय, तीन उपमंडल स्तरीय और एक जिला स्तरीय फ्लाइंग टीम गठित की गई है। इसके अलावा दो ड्रोन और छह सेंसर भी तैनात किए गए हैं।
खेतों में पहुंचकर किसानों से किया सीधा संवाद
बैठक के बाद एसडी अत्री ने गांव कैलरम के खेतों का दौरा कर इन-सीटू और एक्स-सीटू तकनीकों के तहत किए जा रहे पराली प्रबंधन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा पराली न जलाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इसके बाद उन्होंने गांव पिंजुपुरा स्थित पराली प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बैठक और निरीक्षण के दौरान करनाल डीसी आनंद कुमार शर्मा, जींद डीसी डॉ. वैशाली शर्मा, कुरुक्षेत्र एडीसी पंकज सेतिया, कैथल डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन, जींद एसपी उपासना, कुरुक्षेत्र एसपी चंद्र मोहन, करनाल एसपी करण गोयल, एसडीएम संजय कुमार, डीडीए रविंद्र जाखड़ सहित चारों जिलों के कृषि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे