हांसी में आवारा पशु को बचाने में ट्रैक्टर ने लगाए ब्रेक, पीछे से कैंटर व रोडवेज बस भिड़ी
हाईवे पर एक के बाद एक टकराए तीन वाहन, बस में सवार थे करीब 70 यात्री
दूसरी बस से भेजे गए यात्री
हांसी, 29 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशु को बचाने के चक्कर
में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से तीन वाहन आपस में भिड़ गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली
के पीछे चल रहा कैंटर उसमें जा घुसा और कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रही सिरसा-दिल्ली
रोडवेज बस भी कैंटर से टकरा गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि हादसे
में किसी यात्री को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार लकड़ियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगलवार शाम काे हिसार की ओर जा रही थी।
चालक के मुताबिक हाईवे पर अचानक आवारा पशु सामने आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने तत्काल
ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे चल रहा कैंटर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा
गया। कैंटर फरीदाबाद से हिसार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस
भी कैंटर से जा भिड़ी।
तीनों वाहनों की टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए
यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही डायल-112 और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा
स्थिति को संभाला। बस में सवार यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए
रवाना किया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर