हिसार : नूंह रैली के लिए इनेलो ने उकलाना में तेज किया जनसंपर्क अभियान

 


गांव-गांव पहुंची पार्टी की टीम, 27 सितंबर को बड़ी संख्या में नूंह पहुंचने

का आह्वान

हिसार, 16 सितंबर (हि.स.)। जन नायक चौधरी देवीलाल के जन्मदिन के अवसर पर इनेलो

की ओर से 27 सितंबर को नूंह में की जा रही विशाल रैली के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज

कर दी हैं। रैली को सफल बनाने के लिए इनेलो कार्यकर्ता उकलाना हलके में गांव-गांव पहुंचकर

ग्रामीणों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें रैली में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे

हैं।

इसी कड़ी में हलका प्रभारी भूपेन्द्र सिंह कसवां एवं सह प्रभारी प्रदेश सचिव

दलबीर किरमारा के नेतृत्व में इनेलो की टीम ने बुढ़ाखेड़ा, कल्लर भैणी, सुरेवाला और

बिठमड़ा सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें

जन नायक चौधरी देवीलाल की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ-साथ उप प्रधानमंत्री

व मुख्यमंत्री के तौर पर किए गए कार्यों एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी ओमप्रकाश

चौटाला के शासनकाल में किए गए कार्यों से अवगत करवाया गया। साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय

अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इनेलो की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी

दी गई।

हलका प्रभारी भूपेन्द्र सिंह कसवां एवं प्रदेश सचिव दलबीर किरमारा ने ग्रामीणों

को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भी भाजपा का प्रभावी मुकाबला करने में सक्षम नहीं

है। उन्होंने कहा कि इनेलो चौधरी देवीलाल की नीतियों और सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश

में सुशासन स्थापित करने के लिए संघर्ष कर रही है और जनता के हर वर्ग का साथ इनेलो

को मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से 27 सितंबर को नूंह में होने वाली रैली में अधिक

से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महिला जिला प्रधान ललिता टांक, हलका प्रधान राजकुमार, युवा हलका

प्रधान विजय सुरेवाला, मुकेश लितानी, गजे सिंह, महासिंह, सीताराम जाखड़, वेदपाल सिवानी,

निहाल सिंह सिवानी सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर