सिरसा: अवैध कॉलोनी पर प्रशासन की कार्रवाई, चलाया बुलडोजर

 


सिरसा, 15 जुलाई (हि.स.)। जिला नगर योजनाकार विभाग ने सिरसा शहर से सटे गांव शमशाबाद क्षेत्र में आठ एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों और एक मोटर गैराज को सील किया है। साथ ही अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया है। जिला नगर योजनाकार कर्मवीर झांझडिय़ा ने बुधवार को बताया कि कार्रवाई के दौरान इस जगह पर बनाए गए क‘चे रास्तों, बिजली के पोल तथा सीवरेज मैनहोल को ध्वस्त कर दिया गया।

इसके अलावा अवैध रूप से निर्मित तीन दुकानों और एक मोटर गैराज को सील किया गया। उन्होंने बताया कि सिरसा शहरी क्षेत्र के अंतर्गत गांव शमशाबाद की राजस्व सीमा में सिरसा-केलनिया रोड पर यह कॉलोनी विकसित की जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन सख्त है और अवैध कॉलोनियां विकसित नहीं करने दी जाएंगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले संबंधित विभाग से कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma