सिरसा: नशा तस्कर की सपंत्ति पर चला बुलडोजर
सिरसा, 08 अगस्त (हि.स.)। जिला प्रशासन ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए नशे की काली कमाई से अर्जित की गई संपत्ति पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस के अनुसार गांव दादू निवासी नशा तस्कर अमरजीत सिंह द्वारा अवैध रूप से पंचायती जमीन पर कब्जा कर मकान बनाया हुआ था, जिसको जेसीबी चलाकर ध्वस्त कर दिया है। कालांवाली थाना प्रभारी देवीलाल व डयूटी मैजिस्ट्रेट बडागुढ़ा के खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी भजनलाल टीम के साथ शनिवार को गांव दादू में पहुंचे अवैध निर्माण को दो जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया।
थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी नशा तस्करों पर पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ा एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नशा तस्कर अमरजीत सिंह के खिलाफ कालांवाली थाना में नशा तस्करी के कई अभियोग दर्ज है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से इस कार्रवाई में पुलिस लाइन सिरसा से पुलिस जवानों तथा महिला पुलिस की टीमों को शामिल किया गया था जबकि खंड के पंचायत अधिकारी, कानूनगो, पटवारी आदि इस कार्रवाई में शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार अमरजीत सिंह कुछ समय पहले तक सैलून की दुकान करता था। नशे की लत में पड़ गया और फिर नशे के कारोबार में संलिप्त हो गया। आरोप है कि उसने गांव के कुछ युवाओं को भी नशे के दलदल में धकेला। उसने गांव में पंचायती जमीन पर कब्जा कर लिया और यहां मकान व दुकानें बना ली। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की। प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए अवैध कब्जे को तोड़ दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma