हांसी : गोरक्षा के नाम पर व्यापारियों का अपहरण कर भैंस व नकदी लूटी

 


शिकायत के बाद पुलिस ने पांच आरोपी गिरफ्तार

किए, रिमांड पर लिया

हांसी, 27 फरवरी (हि.स.)। हिसार दिल्ली राष्ट्रीय

राजमार्ग स्थित सैनीपुरा फ्लाइओवर के पास गोरक्षा के नाम पर तीन भैंस व्यापारियों के

साथ बर्बरता और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें चार घंटे

तक बंधक बनाकर मारपीट की गई और उनसे 80 हजार रुपये की नकदी व एक भैंस छीन ली गई। हांसी

शहर थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 48 घंटे में पांच आरोपियों

को गिरफ्तार कर लिया।

मामले के अनुसार उत्तर प्रदेश

के तीनों व्यापारी श्रीगंगानगर से भैंस खरीदकर अपने वाहन से घर लौट रहे थे। जैसे ही

वे हांसी स्थित सैनीपुरा फ्लाइओवर के पास पहुंचे तो एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी

में सवार युवकों ने हथियारों के बल पर उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। भैंस व्यापारियों

के अनुसार स्कॉर्पियो सवार युवकों ने खुद को गोरक्षा दल का सदस्य बताते हुए खरीदे गए

पशुओं के कागजात और अन्य जानकारी मांगी। व्यापारियों ने अपने दस्तावेज दिखाए, लेकिन

आरोप है कि इसके बावजूद हथियारबंद युवक उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर भिवानी की

ओर ले गए। तिगड़ाना मोड़ के समीप एक सुनसान जगह पर उन्हें बंधक बना कर उनके साथ मारपीट

कर करीब 80 हजार रुपए की नगदी छीन ली और गाड़ी से भैंस को उतार लिया गया।

व्यापारियों ने बताया कि किसी तरह बदमाशों के

चंगुल छूटने के बाद उन्होंने भिवानी पुलिस को सूचना दी। भिवानी पुलिस ने मामला हांसी

शहर थाना क्षेत्र का बताते हुए उन्हें हांसी पुलिस से संपर्क करने को कहा। इस पर उन्होंने

हांसी शहर थाना पहुंच शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पांच आरोपियों

को काबू कर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। हांसी शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर

सुखजीत सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि उत्तरप्रदेश निवासी

मुकिम ने शहर थाना में लिखित शिकायत दी गई थी। इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने बताया कि

शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर

त्वरित कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बास खुर्द निवासी धीरेन्द्र, अनुज निवासी निमड़ी, सोमबीर निवासी मिर्जापुर

(सोनीपत), मनोज उर्फ मोनू निवासी प्रहलाद गढ़ (भिवानी) व मंजीत निवासी प्रेम नगर (भिवानी)

को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। रिमांड पर लिए गए आरोपितों

से भैंस व्यापारी से लूटे गए रुपए व भैंस बरामद करने के साथ इनके द्वारा की अन्य वारदातों

के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर