हिसार : हरियाणा में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने में जुटी बसपा : सांसद रामजी गौतम

 


समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान

तेज करने का आह्वान

हिसार, 03 अगस्त (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी हरियाणा में अपने संगठन को बूथ

स्तर तक मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत जल्द ही

प्रदेशभर में बूथ स्तर तक पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जाएंगी, ताकि प्रत्येक क्षेत्र

में पार्टी की सक्रिय और प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की जा सके। यह बात साेमवार काे राज्यसभा सांसद एवं बसपा के सेक्टर-1 (पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान,

मध्य प्रदेश और उत्तराखंड) के केंद्रीय कोऑर्डिनेटर इंजीनियर रामजी गौतम ने यहां आयोजित

पार्टी की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कही।

इस बैठक में हरियाणा के विभिन्न जिलों

से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संगठन की वर्तमान

स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में हरियाणा एवं राजस्थान के केंद्रीय कोऑर्डिनेटर इंजीनियर सीपी सिंह

विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्ण

जमालपुर ने की। मंच पर प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह धानिया, विशाल गुर्जर, सहीराम,

डॉ. महेंद्र सिंह जाजोरिया, एडवोकेट नेतराम, करनैल सिंह नगला तथा पूर्व प्रदेश प्रभारी

एवं प्रदेश महासचिव राम सिंह फौजी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। मंच संचालन

भी राम सिंह फौजी ने किया।

सांसद रामजी गौतम ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों

एवं विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज की समस्याओं

को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है।

आगामी चुनावों को देखते हुए उन्होंने अनुशासित संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता तंत्र और मजबूत

बूथ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान सांसद रामजी गौतम का विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजों के प्रतिनिधियों

ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। जाट समाज की ओर से धर्मपाल ललौदा, कुम्हार समाज

की ओर से रामसिंह फौजी प्रजापति और नानकदेव प्रजापति, कश्यप समाज की ओर से जिले सिंह

कश्यप, राजपूत समाज की ओर से पवन ठाकुर तथा चानौत जल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों

सहित कई सामाजिक संगठनों ने उनका अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्ण जमालपुर ने बताया कि समीक्षा बैठक में केवल संगठन

के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज

के लोग स्वयं कार्यक्रम में पहुंच गए, जिससे आयोजन स्थल छोटा पड़ गया। उन्होंने कहा

कि बैठक से पहले विधानसभा स्तर पर कई तैयारी बैठकें और व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया

था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर