सिरसा: प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का खुलासा, भाई-बहन गिरफ्तार
सिरसा, 03 अगस्त (हि.स.)। प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने सोमवार को आरोपी भाई-बहन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव मौजदीन कसाबा माइनर में फेंक दिया। मृतक युवक की पहचान राजस्थान के फेफाना निवासी अंकित के रूप में हुई थी जो कि घर से लापता था।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को गांव मौजदीन कसाबा माइनर के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव का पोस्टमार्टम करवाकर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान राजस्थान के फेफाना निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसका चचेरा भाई अंकित 25 जुलाई से लापता था। 28 जुलाई को व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हुई शव की तस्वीर देखकर वह सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचा, जहां शव की पहचान अंकित के रूप में हुई। शिकायतकर्ता के अनुसार अंकित के शरीर पर चोटों के कई निशान थे। बताया जा रहा है कि अंकित गांव जमाल निवासी ममता से फोन पर बातचीत करता था, जिससे युवती के परिजन उससे रंजिश रखने लगे थे। इसी रंजिश के चलते अंकित की हत्या कर शव को कसाबा माइनर के पास फेंक दिया गया। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर गांव जमाल निवासी ममता रानी और उसके भाई राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि युवती को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा, जबकि राकेश कुमार को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma