जींद : पांच हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली निगम का लाइनमैन काबू

 




जींद, 19 सितंबर (हि.स.)। एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने खेत का जला ट्रांसफार्मर बदलवाने की एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए बिजली निगम के लाइनमैन को शनिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लाइनमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस लाइनमैन से पूछताछ कर रही है।

उचाना खुर्द निवासी सुशील कुमार के खेत का ट्रांसफार्मर जल गया था। जले ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए लाइनमैन पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। जिस पर सुशील कुमार ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) से की।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसीबी निरीक्षक महेंद्र के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए डयूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मार्केट कमेटी के सचिव विनोद को लगाया गया। एसीबी द्वारा 500-500 रुपये के दस नोट शिकायतकर्ता सुशील कुमार को दे दिए गए। शिकायतकर्ता ने लाइनमैन बलजीत को रिश्वत राशि लेने के लिए अपने खेत में बुला लिया। जैसे ही लाइनमैन को रिश्वत राशि पांच हजार रुपये दी तो इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने लाइनमैन बलजीत को काबू कर लिया। हाथ धुलवाए जाने पर लाइनमैन के हाथों का रंग लाल हो गया। एसीबी ने बलजीत के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

एंटी करप्शन ब्यूरो निरीक्षक महेंद्र ने बताया कि खेत में जले बिजली ट्रांसफार्मर को बदलने की एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते लाइनमैन को काबू किया है। लाइनमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लाइनमैन से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा