जींद : नागरिक अस्पताल जींद का चालक रिश्वत लेते काबू
जींद, 12 जून (हि.स.)। सिरसा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को नगरिक अस्पताल में चालक के पद पर तैनात व्यक्ति को दिव्यांगता प्रमाण पत्र अपडेट करवाने के नाम पर 44 हजार रुपये रिश्वते लेते काबू किया है। कार्रवाई को सिरसा से इंस्पेक्टर सुरेश कुमार के नेतृत्व में आई एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने अंजाम दिया। इस मामले में सिरसा के जिला खेल अधिकारी जगदीप को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। आरोपी जगदीश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
गांव फुलिया खुर्द निवासी सोनू ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि उसके एक हाथ में दिक्कत है। पिछले 16 साल से उसका दिव्यांगता प्रमाण पत्र बना हुआ है। पांच साल में इसे रिन्यू करवाना होता है। उसने अपने दिव्यांगता प्रमाण पत्र को रिन्यू करवाने के लिए नागरिक अस्पताल के चक्कर काटने शुरू किए। उसका प्रमाण पत्र तो बन गया लेकिन वह ऑनलाइन अपडेट नही हो रहा था। सोनू ने बताया कि उसके ही गांव का जगदीश नागरिक अस्पताल में चालक के पद पर कार्यरत है। जिस पर उसने जगदीश से संपर्क किया। जगदीश ने कहा कि इसके लिए 90 हजार रुपये लगेंगे। इतने पैसे देने में सोनू ने असमर्थता जताई। दोनों की 45 हजार रुपये में बातचीत तय हो गई। इसके बाद जगदीश ने कहा कि एक हजार रुपये वह छोड़ देगा, 44 हजार रुपये देने होंगे। इसी बीच सोनू ने इसकी शिकायत सिरसा की एंट्री करप्शन ब्यूरो टीम को कर दी। एंट्री करप्शन ब्यूरो की टीम ने सोनू को 44 हजार रुपये पाउडर लगाकर थमा दिए। शुक्रवार सुबह जैसे ही जगदीश ने सोनू से रिश्वत राशि ली तो इशारा मिलते ही एंट्री करप्शन ब्यूरो की टीम ने जगदीश को पकड़ लिया। उसके पास से 44 हजार रुपये बरामद कर लिए और जब उसके हाथ धुलवाए तो वह लाल हो गए।
एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि सोनू की शिकायत पर कार्रवाई को अंजाम देने के लिए सिरसा के जिला खेल अधिकारी जगदीप को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। रिश्वत राशि सहित जगदीश को रंगेहाथ काबू किया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा