हांसी में करंट लगने से सात वर्षीय बच्चे की मौत
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल
हांसी, 23 अप्रैल (हि.स.)। क्षेत्र के गांव उमरा
में सात वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। बच्चा स्कूल से घर लौटने के बाद कपड़े
बदल रहा था, तभी वह पानी की मोटर की खुली तार के संपर्क में आ गया। इस घटना के बाद
गांव में शोक का माहौल है।
मृतक बच्चे की पहचान उमरा निवासी सात वर्षीय
तनुज के रूप में हुई है, जो तीसरी कक्षा का छात्र था। गुरुवार को वह हमेशा की तरह स्कूल
से घर लौटा था। घर पहुंचने पर जब वह कपड़े बदल रहा था, तभी पानी की मोटर की खुली तार
के संपर्क में आ गया। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण तनुज को गंभीर झटका लगा।
परिजन तुरंत तनुज को गंभीर हालत में हांसी के
एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य अस्पताल
रेफर कर दिया। सामान्य अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के उपरांत बच्चे को मृत
घोषित कर दिया।
तनुज के पिता सतीश गुरुग्राम में एक निजी कंपनी
में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। तनुज की एक बड़ी बहन भी है। इस दुखद घटना
से पूरा परिवार सदमे में है। अस्पताल में परिजनों का विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों
की आंखें भर आईं। गांव उमरा में भी इस हादसे के बाद से शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर