सोनीपत:राष्ट्रीय खेलों में बाक्सर इशु ने रजत जीतकर बढ़ाया गौरव
सोनीपत, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मोतीलाल
नेहरू खेलकूद विद्यालय राई की कक्षा 12वीं की छात्रा इशु ने राष्ट्रीय विद्यालयी खेल
बाक्सिंग के 80 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर हरियाणा और विद्यालय का
नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 4 से 9 फरवरी तक बेंगलुरु में आयोजित हुई, जिसमें देशभर
के खिलाड़ियों ने भाग लिया। शुक्रवार को विद्यालय परिसर में पहुंचने पर उसका स्वागत किया गया।
हरियाणा
टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए इशु ने पूरे मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल
में उसने केरल की खिलाड़ी को 4–1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। स्वर्ण पदक के लिए
हुए अंतिम मुकाबले में दिल्ली की खिलाड़ी के साथ कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन
अंत में इशु को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल
है। छात्रा के लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य एवं निदेशक
प्रमोद कुमार धीमान ने कहा कि यह सफलता इशु की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम
है। उन्होंने बताया कि निरंतर प्रयास से राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया
जा सकता है। कोच
सुनील फोगाट और खेल अधिकारी चंद्र शेखर शर्मा ने कहा कि इशु ने पूरे सत्र में आत्मविश्वास
और समर्पण का परिचय दिया। सेमीफाइनल और फाइनल में उसका जुझारू प्रदर्शन अन्य खिलाड़ियों
के लिए प्रेरणादायक है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना